Saturday, September 5, 2026

किसान आंदोलन के समर्थन में आए तराई के किसान

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी,रूद्रपुर। किसान आंदोलन के समर्थन में किसानों ने शनिवार को टॉल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन कर टॉल गेट खोल दिये। किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते मौके पर भारी पुलिस और पीएसी तैनात रही। पुलिस के पहरे के बीच किसानों ने धरना प्रदर्शन कर केन्द्र सरकार और हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।

भारतीय किसान यूनियन चढूनी के प्रदेश अध्यक्ष गुरसेवक सिंह महर की अगुवाई में शनिवार को बड़ी संख्या में किसान किच्छा नवीन मंडी स्थल पर एकत्र हुए और यहां से चुकटी देवरिया स्थित टॉल प्लाजा पहुंचे। किसानों ने जोरदार नारेबाजी के साथ सर्वप्रथम टोल प्लाजा के दो गेटों को फ्री करवाया तथा कुछ ही देर बाद किसानों ने पूरे टोल प्लाजा को फ्री कर दिया। इसके बाद किसान नारेबाजी करते हुए टोल प्लाजा पर ही धरने पर बैठ गये। धरना स्थल पर सभा में प्रदेश अध्यक्ष गुरु सेवक सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ना तो किसानों के फसल की एमएसपी लागू की गई और ना ही पूर्व में किसान आंदोलन के द्वारा किए गए समझौते को लागू किया है।

केंद्र सरकार द्वारा किसानों का लगातार शोषण किया जा रहा है जो कि बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यदि शीघ्र ही किसानों के सभी मांगों को नहीं मानती है तो प्रदेश भर ही नहीं देशभर में किसानों द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि केंद्र की सरकार किसानों की मांगों पर ध्यान दें। मात्र हवाई घोषणाओं से किसानों का हित नहीं होने वाला। किसान नेताओं ने कहा कि केन्द्र सरकार ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेते हुए किसानों से एमएसपी की गारंटी, बिजली बिल, कर्ज मुक्ति आदि विषयों पर आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण किसानों को फिर से आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हरियाणा सरकार किसानों को दिल्ली कूच से रोकने के लिए उन पर अत्याचार कर रही है। हरियाणा सरकार ने किसानों को खनौरी व शंभू बार्डर पर रोका है, आंसू गैस के गोले, लाठीचार्ज में बहुत से किसान घायल हुए हैं। किसानों पर बर्बता की जा रही है इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अमानवीय व्यवहार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। विरोध प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन चंदौली के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा किसान नेता नवतेजपाल सिंह, भारतीय किसान यूनियन के उत्तराखंड यूपी प्रभारी बलजिंदर सिंह, अनीस अहमद, दलजीत सिंह, प्रभजोत सिंह, जोगिंदर यादव, जितेंद्र सिंह, संतोष सिंह, रणजीत सिंह, ध्रुव देव कुशवाहा, दलवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, अखिल भारतीय किसान सभा जिला उप सचिव डॉक्टर जगदेव सिंह, केंद्रीय ट्रेड यूनियन देवेंद्र सिंह, हरीश गंगवार, सहित सैकड़ों किसान मौजूद थे। वहीं किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी फोर्स तैनात रही। रूद्रपुर किच्छा के अलावा पंतनगर , दिनेशपुर, पुलभट्टा, से भी पुलिस मौके पर बुलाई गयी इसके अलावा पीएसी के जवान भी तैनात रहे। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अलावा सीओ किच्छा ओपी शर्मा, कोतवाल किच्छा सुंदरम शर्मा, पंतनगर इंस्पेक्टर आरएस डांगी, थानाध्यक्ष पुलभट्टा कमलेश भट्ट,एसओ दिनेशपुर अनिल जोशी, चौकी प्रभारी लालपुर सतीश कुमार शर्मा,चौकी प्रभारी रम्पुरा नवीन बुधानी, आवास विकास पुलिस चौकी प्रभारी अरविन्द बहुगुणा,एसआई दिनेश भट्ट समेत भारी संख्या फोर्स मौके पर रही। समाचार लिखे जाने तक किसानों का धरना जारी था।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.