भोंपूराम खबरी। नगर निकाय चुनाव के लिए सरकार की ओर से लाए गए अध्यादेश के अनुसार काशीपुर और रुद्रपुर नगर निगम समेत जिले के निकायों में वार्डों के आरक्षण की स्थिति तय हो गई है। काशीपुर नगर निगम में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए चार और अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) के लिए 15 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। जबकि रुद्रपुर नगर निगम में एससी के सात और ओबीसी के आठ वार्ड आरक्षित किए गए हैं। दोनों निगमों में वोटरों की संख्या करीब 40 फीसदी तक बढ़ी है, लेकिन ओबीसी के वोटरों की संख्या घटी है।
काशीपुर नगर निगम में 1,75,819 मतदाता हैं। जबकि वर्ष 2018 के चुनाव में कुल मतदाता 1,28,282 थे। मतदाताओं की संख्या में करीब 40 फीसदी का इजाफा हुआ है। निगम के कुल 40 वार्डों में चार एससी और 15 ओबीसी के लिए आरक्षित किए गए हैं। जबकि 21 वार्ड अनारक्षित रहेंगे। रुद्रपुर नगर निगम में कुल मतदाता 1,73,723 हैं। वर्ष 2018 के चुनाव में कुल मतदाता 1,26346 थे । रुद्रपुर नगर निगम में एससी के लिए 07 और ओबीसी के लिए 08 वार्ड आरक्षित हैं। 25 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं।
काशीपुर नगर निगम में ओबीसी का प्रतिशत 42.05 के मुकाबले घटकर 38.62 रह गया है। जबकि रुद्रपुर नगर निगम में यह 27.99 के मुकाबले 19.13 रह गया है। जिले की गदरपुर नगर पालिका के कुल 11 वार्डो में 23,289 मतदाता हैं। इसमें एक सीट एससी और 4 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। जसपुर नगर पालिका के कुल 20 वार्डो में 56, 156 मतदाता हैं। इनमें एक सीट एससी और 09 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। बाजपुर नगर पालिका के कुल 13 वार्डों में 31172 मतदाता हैं। इनमें 02 सीट एससी और 04 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। किच्छा नगर पालिका के कुल 20 वार्डो में 61,777 मतदाता हैं। इसमें 03 सीट एससी और 07 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। सितारगंज नगर पालिका के कुल 13 वार्डो में 31, 185 मतदाता हैं। इनमें एक सीट एससी और 05 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित है। खटीमा नगर पालिका के कुल 20 वार्डों में 76, 179 मतदाता हैं। इनमें दो सीट एससी, तीन सीट एसटी और 05 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। महुवाखेड़ागंज पालिका के कुल 09 वार्डों में 12584 मतदाता हैं। इसमें तीन सीट एससी और 01 सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। नगला पालिका के कुल 07 वार्डो में एक सीट ओबीसी को आरक्षित की है।




