भोंपूराम खबरी, रुद्रपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पंडित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में न्याय पंचायतों में रात्रि प्रवास कार्यक्रम के तहत कांग्रेस नेताओं ने कीरतपुर गांव में पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष अरुण पाण्डे के निवास पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और वर्तमान हालातों पर चर्चा की।
बता दें कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के आहवान पर गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में कांग्रेस नेताओं के रात्रि प्रवास कार्यक्रम तय किये गये हैं। इसी के तहत बीती रात कीरतपुर गांव में कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, पूर्व जिलाध्यक्ष हरभजन सिंह, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा,भूरारानी के पार्षद मोह खेड़ा दिनेश पंत,किसान नेता रामदयाल सिंह, नवल काण्डपाल, नरेश शर्मा, विरेंद्र राय, नंद किशोर गंगवार, अनिल रावत, सुनील जंडवानी, चन्द्रसेन सैनी आदि ने कांग्रेस नेता अरूण पाण्डे के निवास पर पहुंचकर सामूहिक रात्रि भोज किया। गांव में चौपाल भी लगायी गयी। जिसमें कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर चर्चा करते हुए भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों को जमकर कोसा। इस अवसर पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि पिछले एक साल से किसान तीन काले कानूनों को हटाने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार बहरी हो चुकी है। डबल इंजन की सरकार ने सिर्फ जनता के साथ छलावा ही किया है। महंगाई और बेराजगारी त्रस्त युवा पीढ़ी दर दर भटकके को मजबूर हैं। राज्य में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। पलायन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है।
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा ने कहा कि प्रदेश में सही नेतृत्व नहीं मिलने के कारण आज प्रदेश बर्बादी के कगार पर हैं। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज युवा, किसान, व्यापारी सभी त्रस्त हैं।




