Friday, September 4, 2026

कमरा खुला रखते थे.. यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला पहलवानों ने रोते हुए सुनाई कहानी

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। पोडियम में खड़े होकर देश का मान बढ़ाने वाले पदकवीर आज सड़कों पर बैठे हैं। मेडल जीतकर खुशी के आंसू बहाने वाले ये ऐथलीट आज खुद के हालात पर रो रहे हैं। दंगल में दो-दो हाथ करने वाले ये महाबली खुद को कितना कमजोर महसूस कर रहे हैं। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप है। आरोप हैं कि बृजभूषण देश की बेटियों पर बुरी नजर रखते थे। बात न मानने पर परेशान करते थे। वर्ल्ड चैंपियन विनेश फोगाट तो ये सब बताते-बताते रो पड़ी। जरा सोचिए कि मेडल जीतने पर तिरंगे को अपने शरीर से चिपकाकर गर्व से इठलाने वाली देश की बेटियां यूंही नहीं किसी पर अपने ‘कपड़े फाड़ने’ का आरोप लगा देंगी।

देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर में आज धरना-प्रदर्शन का दूसरा दिन है। ओलिंपिक मेडलिस्ट और वर्ल्ड चैंपियन बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, अंशू मलिक सरीखी चैंपियन और वर्ल्ड क्लास ऐथलीट्स ने मोर्चा खोला हुआ है। साथी महिला पहलवानों की आपबीती सुनाते हुए विनेश फोगाट के आंसू बहने लगे, वो कहती हैं, ‘बृजभूषण शरण सिंह और कोच नेशनल कैम्प्स में महिला रेसलर्स का यौन उत्पीड़न करते हैं। कुछ कोच तो सालों से यौन उत्पीड़न करते आ रहे हैं। कई महिला पहलवानों ने इसकी शिकायत भी की।’ अब खेल मंत्रालय में चार पहलवानों के प्रतिनिधमंडल को बातचीत के लिए बुलाया है।

लगातार तीन कॉमनवेल्थ गेम्स में 3 गोल्ड मेडल जीतने वाले विनेश ने कहा, ‘बृजभूषण खिलाड़ियों के होटल में रुकते थे। जो नियमों के खिलाफ है। यहां तक कि उसी फ्लोर पर अपना कमरा रखते थे, जहां महिला पहलवान ठहरी हैं। जानबूझकर अपना कमरा खुला रखते थे। तोक्यो ओलिंपिक में हार के बाद WFI के अध्यक्ष ने मुझे खोटा सिक्का कहा। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन खुद को खत्म करने की सोचती। मेरी हत्या भी हो सकती है। अगर मुझे या किसी पहलवान को कुछ होता है तो उसके पीछे बृजभूषण सिंह का ही हाथ होगा।

दबंग इमेज वाले बृजभूषण सिंह यूपी के कैसरगंज सीट से बीजेपी सांसद हैं। 2011 से कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं, उनकी इमेज दबंग वाली है। इस बारे में बजरंग पूनिया ने बताया कि, ‘ये हमारे सम्मान की लड़ाई है। हमारी लड़ाई गैरराजनैतिक है। हमें किसी राजनेता की जरूरत नहीं है। बृजभूषण सिंह विदेश भागने की फिराक में है।’ हरियाण का मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘खिलाड़ियों का मनोबल टूटने नहीं देंगे। हमारे प्लेयर्स की चिंता सबसे जरूरी है। खिलाड़ियों की बातें गंभीरता से ली गई है।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.