भोंपूराम खबरी,टोरंटो। कनाडा में लगातार सिखों की हत्या हो रही है। सिखों की हत्या के सिलसिले में अब कनाडा के अलबर्टा प्रदेश में 24 वर्षीय सनराज सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि अलबर्टा की राजधानी एडमॉन्टन के 51 स्ट्रीट और 13 एवेन्यू के इलाके में 3 दिसंबर को रात लगभग 8 बजकर 40 मिनट पर गोली चलने की सूचना मिली। जब हम पहुंचे तो वहां एक वाहन में बैठे शख्स को घायल पाया। चिकित्सा-सहायता पहुंचने तक पुलिस ने घायल युवक को सीपीआर यानी प्राथमिक उपचार दिया लेकिन बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एडमॉन्टन नगर के मेडिकल जांचकर्ता ने 7 दिसंबर मृत युवक का पोस्टमार्टम किया और उसकी पहचान 24 वर्षीय सनराज सिंह के रूप में की। एडमॉन्टन पुलिस ने अपने बयान में कहा कि मौत का कारण गोली लगना था। जांचकर्ताओं ने एक वाहन की तस्वीरें जारी की हैं, जिसे घटनास्थल के समय क्षेत्र से बाहर निकलते देखा गया था। पुलिस ने वाहन या फायरिंग के बारे में जानकारी देने का अनुरोध क्षेत्र के लोगों से किया है। मालूम हो कि कनाडा में नवंबर के शुरुआत से सिख हत्याओं के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। 7 दिसंबर को एक 40 वर्षीय सिख महिला हरप्रीत कौर की कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में उसी के घर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना एक अन्य कनाडाई-सिख महिला 21 वर्षीय पवनप्रीत कौर की 3 दिसंबर को मिसिसॉगा में एक गैस स्टेशन के बाहर गोली मारकर हत्या करने के दो दिन बाद सामने आई।
इससे पहले नवंबर में 18 वर्षीय सिख किशोरी महकप्रीत सेठी की हत्या चाकू मारकर कनाडा के सरे शहर के एक हाई स्कूल की पार्किंग में कर दी गई थी। कनाडा के गृह विभाग में अपराधों की सूचना देने वाली सेवा अनुसार कनाडा में राष्ट्रीय अपराध दर 2021 में तीन प्रतिशत बढ़ी है। इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम के सार्जेंट टिमोथी पिएरोटी ने हरप्रीत कौर की हत्या के बाद मीडिया को बताया था कि इन घटनाओं का न केवल पीड़ित के परिवार और दोस्तों पर, बल्कि पूरे समुदाय पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।




