भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में शुक्रवार की शुरुआत आसमान में घने बादलों से हुई। दिन भर मौसम करवट बदलता रहा। कई स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और चोटियों पर बर्फबारी से ठंड में बढ़ोत्तरी हो गई है। शुक्रवार शाम कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है।
राज्य के सात जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून समेत सात जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की आशंका जताई । इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम बिगड़ने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
केदारनाथ धाम में बर्फबारी जारी
केदारनाथ धाम में बर्फबारी का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। यहां पिछले तीन दिन से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। मंदिर परिसर में भी बर्फ जमने लगी है। इससे पुजारियों, श्रद्धालुओं, सुरक्षा कर्मियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही धाम में पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कुमाऊं में भी बिगड़ा मौसम
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भी शुक्रवार को मौसम तल्ख रहा। यहां अधिकांश इलाकों में दिन में बादल छाए रहे। शाम के वक्त कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। हालांकि बारिश कुछेक मिनट बाद थम गई थी।




