Saturday, September 5, 2026

उत्तराखंड में केदारनाथ, बदरीनाथ से लेकर नैनीताल तक चारों ओर बर्फबारी, कई सड़कें बंद

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। मौसम के करवट बदलते ही उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बदरीनाथ, केदारनाथ धाम से लेकर नैनीताल तक हर जगह बर्फबारी हो रही है। एक ओर जहां सैलानी बर्फबारी का आनंद उठा रहे हैं तो वहीं, दूसरी ओर सड़कें बंद होने से तमाम दुश्वारियां भी खड़ी हो गईं हैं।

बुधवार को ही पूरे राज्य में मौसम ने करवट बदल ली थी। कई इलाकों में बारिश तो कई स्थानों पर बर्फबारी हुई। गुरुवार सुबह से मौसम और भी विकट हो गया है। चारधाम में लगातार बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ धाम में करीब डेढ़ फीट बर्फ जम चुकी है। गंगोत्री- यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे भी बर्फबारी के बाद से बंद है। बीआरओ गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को खोलने में जुटा है। बर्फबारी के कारण राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

ये सड़कें चल रही बंद

बर्फबारी के कारण यमुनोत्री एनएच फूल चट्टी से आगे बंद चल रहा है। एनएच और स्थानीय प्रशासन की टीमें मार्ग खोलने में जुटी हुई हैं। बर्फबारी के कारण लंबगांव सड़क चौरंगीखाल के पास बाधित चल रही है। साथ ही बदरीनाथ सड़क हनुमान चट्टी से आगे बर्फबारी के कारण बंद है। इसके अलावा चोपता सड़क धोतीधार के पास सुबह से बंद चल रही है।

नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी

लंबे इंतजार के बाद नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इससे सैलानियों में खुशी का माहौल है। आज नैनीताल की सबसे ऊंची चोटी नयना पीक की चोटी पर मौसम के पहले हिमपात का नजारा देखने को मिला। नैनीताल में बीती रात से ही बारिश शुरू हो गई थी। अब भी मौसम विकट बना हुआ है।

ठंड की चपेट में कुमाऊं

कुमाऊं मंडल के अधिकांश इलाकों में बुधवार रात से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों में भी हिमपात हुआ है। बारिश के कारण अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल आदि जिलों में ठंड चरम पर पहुंच गई है। अधिकांश इलाकों में शाम या रात तक बर्फबारी के आसार नजर आ रहे हैं।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.