Friday, September 4, 2026

उत्तराखंड के नए डीजीपी ने गिनाई अपनी प्राथमिकताएं

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के नवनियुक्त नागरिक पुलिस के महानिदेशक अभिनव कुमार ने गुरुवार अपराह्न अपना पदभार ग्रहण कर लिया। डीजीपी ने संवाददाताओं से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि हमारा उत्तराखंड पुलिस का ध्येय मित्रता, सेवा, सुरक्षा है। मित्रता केवल सभ्य नागरिकों के लिए है। अपराधियों के लिए हम हमेशा काल बनके रहेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड शांत प्रदेश है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था प्रदेश की पहचान है, इसलिए कानून व्यवस्था के मोर्चे पर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी।

डीजीपी कुमार ने कहा कि परंपरागत पुलिसिंग के सिद्धांतों एवं सिखलाई को बरकरार रखते हुए नई चुनौतियों से डटकर सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखण्ड मिशन के तहत ड्रग्स के विरूद्ध कार्यवाही को और अधिक प्रभावी करना हमारी प्राथमिकता होगी। प्रदेश के प्राकृतिक रूप व आपदा की दृष्टि से संवदेनशील होने के दृष्टिगत हम अपनी प्रथम उत्तरदाई (फर्स्ट रिस्पांडर) की क्षमता को और अधिक बेहतर बनाएंगे।

डीजीपी कुमार ने कहा कि स्थानीय जनता के साथ ही उत्तराखण्ड आने वाले पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों के साथ मित्रवत व्यवहार करके उनके लिए सुगम व्यवस्था बनाने पर जोर दिया जाएगा। बढ़ते साइबर क्राइम पर रोकथाम लगाएंगे। महिला संबंधी अपराधों के सम्बन्ध में संवेदनशीलता बढ़ायी जाएगी। इसके लिए हर स्तर के अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी जोर रहेगा। उनके हाउसिंग, स्वास्थ्य, बच्चों की अच्छे शिक्षा सभी मेरी प्राथमिकताएं रहेंगी।

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.