भोंपूराम खबरी,हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेड़ों की कटाई और छटाई का कार्य 26 नवंबर, 2024 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान यातायात और विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। प्रशासन द्वारा यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, ताकि वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों की सुविधा दी जा सके।
यातायात को व्यवस्थित करने के लिए नारीमन तिराहा से रेलवे स्टेशन काठगोदाम तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन गोला बाईपास रोड का उपयोग करेंगे। वहीं, हल्द्वानी शहर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को शनि बाजार, ताज चौराहा, एसडीएम कोर्ट तिराहा और तिकोनिया चौराहा जैसे मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। रामपुर रोड और बरेली रोड से आने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर, तीनपानी तिराहा और गोला बाईपास रोड से जाने का निर्देश दिया गया है। रोडवेज और केमू बसों को भी ताज चौराहा और गोलापुल के रास्ते गंतव्य तक भेजा जाएगा।




