भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड के सात जिलों में आज गर्जना के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में आज भी बर्फबारी हो सकती है। इसे लेकर आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। आगे पढ़ें कि आज किन जिलों में मौसम कैसा रहेगा।
उततराखंड में सोमवार शाम से ही मौसम का मिजाज बिगड़ गया था। केदारनाथ, बदरीनाथ, मुनस्यारी, धारचूला समेत कई इलाकों में पिछले दो दिनों तक अच्छी खासी बर्फबारी हुई है।साथ ही राज्य के कई जिलों में बारिश ने किसानों को बड़ी राहत पहुंचाई है। बारिश और बर्फबारी के कारण राज्य में ठंड में काफी बढ़ोत्तरी हो चुकी है। इधर, मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के सात जिलों में ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही बर्फबारी की संभावना भी जताई है। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान का भी अंदेशा है।
आज इन जिलों में ओले मचा सकते हैं आफत
आईएमडी ने आज उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, हरिद्वार और यूएस नगर में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही राज्य में 25 सौ मीटर से अधिक ऊंचाई इलाकों में आज भी बर्फबारी के आसार हैं।
सीमांत गांवों में बर्फबारी से आफत
पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी और खलिया के आसपास के क्षेत्रों में काफी बर्फबारी हुई है। मानसरोवर यात्रा मार्ग के साथ ही चीन सीमा से लगे माइग्रेशन गांवों में भी बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है। बर्फबारी से थल-मुनस्यारी सड़क नौ घंटे बंद रही। मुनस्यारी में मंगलवार तड़के भी हिमपात हुआ। मिलम में 3 फीट, खालिया में 2 फीट, कालामूनी में डेढ़ फीट, बेतुलीधार में 1 फीट से अधिक बर्फबारी हुई है।
कल से साफ रहेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक आज राज्य में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है। आईएमडी ने 22 फरवरी से राज्य में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।




