भोंपूराम खबरी। उत्तराखंड में आज 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से भयंकर अंधड़ के साथ ही झमाझम बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। विकट मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की अपील भी की है।
राज्य में सोमवार शाम मौसम ने करवट बदली थी। मेघ गर्जना के साथ रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर आज यानी मंगलवार को भी जारी है। गंगोत्री और बदरीनाथ धाम सहित ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर ओढ़ चुकी हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, गोरसों बुग्याल के साथ ही नीती और माणा में भी बर्फबारी हुई है। कुमाऊं मंडल के अल्मोड़ा, बागेश्वर,पिथौरागढ़ सहित अन्य जिलों में दिन में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के कारण पूरे राज्य में ठिठुरन बढ़ गई है। लोग घरों में दुबके हुए हैं।
भारी ओले मचा सकते हैं आफत
उत्तराखंड में आईएमडी ने बारिश-बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के मुताबिक मंगलवार को राज्य में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
23 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी
आईएमडी के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को उत्तराखंड में 2500 मीटर या उससे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 22 और 23 फरवरी को भी इन इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तराखंड में ठंड फिर लौट आई है।




