Friday, September 4, 2026

अक्षय को थप्पड़ मारने वाले को 10 लाख का इनाम: राष्ट्रीय हिंदू परिषद की धमकी- OMG 2 फिल्म लगाने वाले सिनेमाघरों में आग लगाएंगे

Share

Advertisement

भोंपूराम खबरी। अक्षय कुमार की फिल्म ओ माय गॉड 2 (OMG) शुक्रवार ( 11 अगस्त) को रिलीज हो रही है। इस फिल्म के विरोध में गुरुवार को राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत ने आगरा के फूल सैयद चौराहे पर प्रदर्शन किया। एक्टर अक्षय कुमार के पोस्टर पर पहले कालिख पोती, फिर उसे जला दिया।

संगठन के पदाधिकारियों ने ऐलान किया गया कि जो भी व्यक्ति अक्षय कुमार के मुंह पर थप्पड़ मारेगा या उनके चेहरे पर थूकेगा, उसको 10 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। जिस सिनेमाघर में फिल्म रिलीज होगी, उसमें आग लगाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

फिल्म के कुछ सीन पर संगठन की ओर से आपत्ति जताई गई है। उन्होंने इन सीन को हिंदू भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए हटाने की मांग की है।

फिल्म पर बैन लगाने की मांग

राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष गोविंद पाराशर ने बताया-OMG 2 फिल्म में अक्षय कुमार भगवान शिव के दूत का रोल निभा रहे हैं। इसमें अक्षय ने भगवान शिव के रूप में कई ऐसे काम किए हैं, जो भोलेनाथ की छवि को खराब करते हैं।

भगवान शिव के रूप में अक्षय कुमार दुकान से कचौड़ी खरीदते हैं। गंदे तालाब के पानी में नहाते दिख रहे हैं। इस तरह के सीन को देखकर हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सेंसर बोर्ड और केंद्र सरकार से फिल्म पर बैन लगाने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर फिल्म पर बैन नहीं लगता, तो हिंदू परिषद इसके विरोध में आंदोलन तेज करेगी। संगठन के अध्यक्ष ने ऐलान किया कि अगर फिल्म रिलीज होती है तो सिनेमा हॉल में जाकर इसका विरोध करेंगे।

साध्वी ऋतंभरा ने कहा- आस्था से खिलवाड़ बंद हो OMG 2 के विरोध में साध्वी ऋतंभरा ने वृंदावन में अपने आश्रम वात्सल्य ग्राम के एक कार्यक्रम में कहा- यह तो हिंदू धर्म की शिथिलता है, जिस वजह से बॉलीवुड बार-बार ऐसा दुस्साहस करता है। अगर बॉलीवुड किसी और धर्म के इष्ट पर टिप्पणी करने लगे, तो नारे लगने शुरू हो जाते हैं। पहले भी ऐसा हो चुका है कि फिल्म में देवी-देवताओं का अपमान किया गया है। आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किसी के लिए भी उचित नहीं है। बॉलीवुड अगर ऐसा करता है तो पूरा हिंदू समाज प्रखरता से विरोध करे। भगवान शिव की भक्ति और उनके अलौकिक रूप के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

कल रिलीज होगी फिल्म

फिल्म OMG 2 11 अगस्त को की रिलीज होनी है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को A सर्टिफिकेट दिया है। यानी 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए यह फिल्म नहीं है। फिल्म पहले से ही विवादों में थी, वहीं A सर्टिफिकेट मिलने के बाद इसका विरोध और तेज हो गया है। उज्जैन के महाकाल के पुजारियों ने भी OMG 2 से महाकाल परिसर में फिल्माए गए दृश्यों को हटाने की बात कही है। पुजारियों का कहना है कि इस फिल्म में अश्लील सीन हैं। महाकाल मंदिर के साथ इस तरह के सीन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

दरअसल, फिल्म की कहानी उज्जैन में रहने वाले भगवान शिव के परम भक्त कांति शरण मुद्गल (पंकज त्रिपाठी) के इर्द-गिर्द बुनी गई है। जीवन की मुश्किल परिस्थितियों में कांति के सामने भगवान प्रकट होते हैं और उसके जीवन में आने वाली चुनौतियों को हल करने में उसकी मदद करते हैं। अमित राय के निर्देशन में बने इस फिल्म से जुड़े निर्माताओं का कहना है कि इस टीजर में अक्षय कुमार को भगवान शिव के नहीं, बल्कि उनके दूत के रूप में दिखाया गया है। सेक्स एजुकेशन जैसे बोल्ड सब्जेक्ट पर बेस्ड इस फिल्म में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म 2012 में रिलीज परेश रावल और अक्षय कुमार की फिल्म OMG का यह सीक्वल है। पहले पार्ट में अक्षय कुमार ने श्रीकृष्ण का रोल किया था।

 

Advertisement
Advertisement

Read more

Local News

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.